कांगड़ा, 26 जून। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गग्गल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान पंजाब के दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे और पुलिस को देखकर मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
गग्गल थाना प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस की एक टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान शनि देव मंदिर कुठमां के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी पंजाब नंबर की एक बाइक वहां पहुंची, जिस पर दो युवक सवार थे।

पुलिस टीम को देखकर बाइक चालक घबरा गया और उसने तुरंत बाइक मोड़कर वहां से भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों युवकों को बाइक सहित पकड़ लिया। संदेह के आधार पर जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 5.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान हरपाल सिंह पुत्र आत्मा सिंह और जसपाल सिंह के रूप में बताई। दोनों आरोपी पंजाब के जिला गुरदासपुर की डेरा बाबा नानक तहसील के गांव चौड़ा वाजवा के निवासी हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि चिट्टा बरामद होने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना गग्गल में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आए थे और हिमाचल में किसे इसकी सप्लाई करने जा रहे थे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!