धर्मशाला, 18 सितंबर। दुर्गेश्वर महादेव डल झील मेले का आगाज शुक्रवार को एंटी चिट्टा अभियान के तहत आयोजित वॉकथॉन के साथ हुआ। नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का संदेश देने के लिए आयोजित इस वॉकथॉन का नेतृत्व विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने किया।
टेंगल मोड़ से डल झील तक आयोजित वॉकथॉन में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में नशा विरोधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर और नशे के खिलाफ नारे लगाते हुए पैदल यात्रा की। इस दौरान लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को एंटी चिट्टा अभियान और नशीले पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने साथियों, परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान को प्रभावी बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।
पठानिया ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदाय को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने भी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार और नशीले पदार्थों के सेवन को रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने नशे की रोकथाम से जुड़े कड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी।
वॉकथॉन के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले नारों के जरिए युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। डल झील मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर और एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


