Kangra: बोह घाटी युवा उत्सव को मिला नया आयाम! 4 और 5 जुलाई को होगा भव्य आयोजन, मेगा हेल्थ कैंप और एंटी चिट्टा रैली भी रहेगी आकर्षण

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का बहुप्रतीक्षित बोह घाटी युवा उत्सव इस वर्ष 4 और 5 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में शाहपुर मिनी सचिवालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में फैसला लिया गया, जिसकी अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की। बैठक में उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और धारकण्डी क्षेत्र से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने बोह घाटी युवा उत्सव को जिला स्तरीय दर्जा मिलने पर विधायक केवल सिंह पठानिया और प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय प्रतिभाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि इस वर्ष उत्सव के दौरान लोगों की सुविधा के लिए निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा दो सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी, जिनमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। दिन के समय युवाओं और महिला मंडलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ मटका फोड़, रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल और अन्य पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

Advertisement

उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा रैली भी निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश दिया जाएगा। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि स्थानीय लोगों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के सहयोग से यह आयोजन पहले से अधिक भव्य और सफल बनाया जाएगा।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पंचायत चुनावों के कारण इस बार युवा उत्सव जून के बजाय जुलाई में आयोजित किया जा रहा है। शाहपुर के एसडीएम गणेश ठाकुर ने विधायक का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

बैठक में बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, कमल पाधा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, महासचिव प्रदीप बलौरिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, नीना ठाकुर, प्रधान ओम राज, प्रताप जरयाल, अक्षय अत्री, पप्पू, मनीष पटियाल, तरसेम जरयाल, आशीष पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रतिनिधि और धारकण्डी क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!