लुधियाना/कांगड़ा (बाबा त्रिलोक नाथ): गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए लंबे समय से सक्रिय हिमाचल के समाजसेवी केडी राणा इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानी से जूझ रहे हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार टांडा मेडिकल कॉलेज में करवाने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर वह घर लौट आए थे, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते अब उनका उपचार डीएमसी अस्पताल, लुधियाना में चल रहा है।
केडी राणा को क्षेत्र में गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए जाना जाता है। उन्होंने अब तक करीब 45 गरीब बेटियों के विवाह में राशन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने में सहयोग किया है। इसके अलावा उन्होंने कई जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण में मदद की है। गरीब परिवारों के लिए आशियाने बनवाने में भी उनका सहयोग रहा है।
जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहायता करना, गरीब परिवारों को लंबे समय तक राशन उपलब्ध करवाना और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास करना उनकी समाजसेवा का हिस्सा रहा है। घर बनाने से लेकर शौचालय निर्माण जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए भी उन्होंने लोगों की मदद की है।
बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को अपनी ओर से आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से उनके उपचार के लिए सहयोग जुटाने में भी केडी राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कई जरूरतमंद परिवारों के लिए वह मुश्किल समय में सहारा बने हैं।
आज वही समाजसेवी खुद स्वास्थ्य संबंधी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। बताया जाता है कि वह रोजमर्रा की तरह अपने कार्यालय का कार्य कर रहे थे, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। वर्तमान में डीएमसी लुधियाना में उनका उपचार जारी है।
केडी राणा के स्वास्थ्य को लेकर उनके सहयोगियों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है। लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि जो व्यक्ति वर्षों से दूसरों के सुख-दुख में खड़ा रहा, आज उसके लिए समाज को भी एकजुट होकर दुआ करनी चाहिए।
लोगों ने डीएमसी लुधियाना के चिकित्सकों और प्रबंधन से भी अपील की है कि केडी राणा के उपचार में पूरी गंभीरता के साथ आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकें और फिर से जरूरतमंद लोगों की सेवा में जुट सकें।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समाज को ऐसे सेवाभावी लोगों की हमेशा जरूरत रहती है। केडी राणा के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए लोग उनके साथ खड़े हैं और उनके लिए दुआ कर रहे हैं।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


