हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सोमवार को राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी महत्वपूर्ण पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16 जून से 21 जून तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। खास तौर पर 18 और 19 जून को कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 19 जून को भी चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

इस बीच प्रदेश के विभिन्न शहरों का न्यूनतम तापमान भी दर्ज किया गया। शिमला में 15.0 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 18.5, भुंतर में 15.2, कल्पा में 8.6, धर्मशाला में 16.8, ऊना में 18.0, नाहन में 18.9, केलांग में 4.4, पालमपुर में 17.0, सोलन में 16.4, मनाली में 10.5, कांगड़ा में 20.1, मंडी में 16.0, बिलासपुर में 19.0, चंबा में 18.2, डलहौजी में 17.1, जुब्बड़हट्टी में 17.8, कुफरी में 11.9, कुकुमसेरी में 6.1, सेऊबाग में 12.4, बरठीं में 19.6, पांवटा साहिब में 24.0, सराहन में 17.5, देहरागोपीपुर में 24.0, ताबो में 11.3 और नेरी में 22.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि सप्ताहभर मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, किसानों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!