Big Political Battle: नगर निगम टिकट को लेकर BJP–Congress में तेज मंथन, बैठकों का दौर शुरू

नगर निगम चुनाव को लेकर टिकट आबंटन की गुत्थी सुलझाने के लिए प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही सक्रिय हो गए हैं। दोनों दलों में बैठकों और रणनीति पर जोर दिया जा रहा है, ताकि चुनाव में मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार उतारे जा सकें।

भाजपा की ओर से पार्षद टिकट आबंटन को लेकर 28 अप्रैल को शिमला में अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। पार्टी ने चुनाव लड़ने वाले संभावित उम्मीदवारों की जीत की संभावना जानने के लिए एक अंदरूनी सर्वे भी कराया है, जिसकी रिपोर्ट बैठक में पेश की जाएगी। इसी आधार पर टिकट वितरण पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

वहीं कांग्रेस 29 अप्रैल को धर्मशाला में टिकट आबंटन को लेकर बैठक करेगी। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, नगर निगम चुनाव प्रभारी और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। टिकट वितरण से पहले प्रभारी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे, जिसके आधार पर प्रत्याशियों के चयन पर फैसला लिया जाएगा। इसके अलावा मंडी नगर निगम के 15 वार्डों के लिए टिकट आबंटन कमेटी की बैठक भी 29 अप्रैल को शाम 4:30 बजे धर्मशाला में प्रस्तावित है।

दोनों दलों में जिताऊ चेहरों की तलाश तेज हो गई है और नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले राजनीतिक गतिविधियां और भी तेज हो गई हैं। भाजपा प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि 28 अप्रैल की बैठक में सभी की सहमति से मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा। वहीं कांग्रेस नेता चेत राम ठाकुर ने बताया कि मंडी नगर निगम के टिकटों पर अंतिम फैसला 29 अप्रैल की बैठक के बाद लिया जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!