नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बिलासपुर के बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर की एक कार से 376 ग्राम चरस बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कार में सवार चार युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ कुल्लू की टीम को पहले से गुप्त सूचना मिली थी कि नशे की एक खेप इस रास्ते से लाई जा रही है। इसी आधार पर टीम ने बलोह टोल प्लाजा के पास विशेष नाका लगाया। चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की कार (HR 95A-3538) वहां पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 376 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार में सवार सूरज कुमार (जींद), अजय कुमार (रोहतक), शुभम पंचाल (जींद) और देव कदयान (झज्जर, हरियाणा) को हिरासत में ले लिया। चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना घुमारवीं में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेमराज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। फिलहाल मामले की आगे की जांच घुमारवीं पुलिस द्वारा की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!