हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने संगठन में अनुशासनहीनता और लंबे समय से निष्क्रिय रहने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है। संगठन ने अपने 13 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए नेताओं में प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं। संगठन की ओर से जारी आदेश में दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को कार्रवाई का आधार बताया गया है। वहीं, युवा कांग्रेस के महासचिव आर्यन चौहान का कहना है कि ये पदाधिकारी काफी समय से संगठन के कामकाज और गतिविधियों में सक्रिय नहीं थे। कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद उनकी सक्रियता में कोई सुधार नहीं हुआ।

दो उपाध्यक्ष, आठ महासचिव और तीन सचिव निलंबित
युवा कांग्रेस की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, निलंबित किए गए 13 पदाधिकारियों में दो प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश महासचिव और तीन प्रदेश सचिव शामिल हैं। सभी का निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। यह कार्रवाई अगले आदेश तक जारी रहेगी।
कई बार नोटिस देने के बाद भी नहीं दिखी सक्रियता
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव आर्यन चौहान ने कहा कि संबंधित पदाधिकारी काफी समय से संगठन में निष्क्रिय थे। उन्हें कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद वे न तो बैठकों में शामिल हो रहे थे और न ही युवा कांग्रेस के कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे थे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रदर्शन में भी ये पदाधिकारी शामिल नहीं हुए थे। इसी के चलते संगठन ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। आर्यन चौहान ने साफ कहा कि संगठन में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इन 13 पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई
निलंबित किए गए पदाधिकारियों में अमला कश्यप और अनु कुमारी मराठा प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वहीं, साहिल ठाकुर, अजय ठाकुर, रविंद्र राव, सचिन ठाकुर, मनोज कुमार, पूजा ठाकुर, तजेंद्र कुमार और अंकुर शर्मा प्रदेश महासचिव के पद पर थे। इसके अलावा यशपाल, अर्जुन सिंह और बलदेव सिंटियान को प्रदेश सचिव पद से निलंबित किया गया है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


