हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। जिला कांगड़ा के पालमपुर और पुलिस जिला देहरा के रक्कड़ में पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13.85 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों मामलों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड लिंकेज की जांच शुरू कर दी है।
रात के अंधेरे में चिट्टे की डिलीवरी देने जा रही महिला गिरफ्तार
पहला मामला पालमपुर का है। पुलिस थाना पालमपुर की टीम देर रात बिंद्रावन से सिद्धपुर सरकारी स्कूल की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर रात के समय अकेली और संदिग्ध परिस्थितियों में जा रही एक महिला पर पड़ी। पुलिस टीम को सामने से आता देखकर महिला घबरा गई और उसने हाथ में पकड़ा पैकेट तुरंत पास की झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां तैनात महिला आरक्षी की मुस्तैदी के चलते उसे तुरंत पकड़ लिया गया।
पुलिस ने स्थानीय पार्षद को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में झाड़ियों में फेंके गए पैकेट की जांच की। तलाशी के दौरान पैकेट से 10.52 ग्राम चिट्टा और 739 रुपये की नकदी बरामद हुई। आरोपी महिला बिंद्रावन की रहने वाली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला इतनी देर रात चिट्टा कहां से लेकर आई थी और इसे आगे किस व्यक्ति तक पहुंचाने वाली थी।
NH-03 पर कार सवार दो युवकों से 3.33 ग्राम चिट्टा बरामद
नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना रक्कड़ के तहत हुई। बीती रात थाना प्रभारी सुरेंद्र धीमान के नेतृत्व में पुलिस टीम नादौन एनएच-03 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान चौली (नलुआ दा खुह) के पास पुलिस ने शक के आधार पर एक कार को तलाशी के लिए रोका। कार की जांच करने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 3.33 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान आत्मा राम (36) निवासी मड़ासा, डाकघर भरैठी, जिला चम्बा और आयुष्मान शाही (22) निवासी वार्ड नंबर-17 सिद्धबाड़ी, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। एसपी देहरा संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रक्कड़ पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से खरीदकर लाए थे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


