धर्मशाला, 3 अक्तूबर। एशियन गेम्स 2026 के तहत जापान के आइची-नागोया में भारत और मलेशिया के बीच खेले गए हॉकी मुकाबले में हिमाचल प्रदेश के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री श्री यादविन्द्र गोमा, उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक श्री केवल सिंह पठानिया, विधायक श्रीमती कमलेश ठाकुर और विधायक श्री विवेक शर्मा सहित उनके परिवारजनों ने स्टेडियम पहुंचकर भारतीय हॉकी टीम का उत्साहवर्धन किया।
विदेश की धरती पर हाथों में तिरंगा, सिर पर हिमाचली टोपी और दिल में देशभक्ति का जज्बा इस दौरान खास आकर्षण का केंद्र रहा। भारतीय खिलाड़ियों को पूरे जोश और जुनून के साथ मैदान पर खेलते देखकर स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों ने उनका उत्साह बढ़ाया और टीम की जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।
भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस शानदार उपलब्धि पर श्री यादविन्द्र गोमा, श्री केवल सिंह पठानिया सहित सभी ने भारतीय टीम को हार्दिक बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्री केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की यह शानदार उपलब्धि पूरे देश और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन देश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि भारत का तिरंगा दुनिया के हर मैदान में इसी तरह शान से लहराता रहे और भारतीय खिलाड़ी देश का नाम रोशन करते रहें, यही सभी देशवासियों की कामना है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


