हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इसमें सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पहलुओं का संवेदनशील और सारगर्भित वर्णन किया गया है। पुस्तक में उनके व्यक्तिगत जीवन, संघर्षों और दृढ़ संकल्प से भरी जीवन यात्रा को दर्शाया गया है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पुस्तक में बताया गया है कि किस तरह सोनिया गांधी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच खुद को ढाला और साहस, धैर्य तथा दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ मुश्किलों का सामना किया। उनका जीवन संघर्ष, आत्मबल, मजबूत व्यक्तित्व और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को सोनिया गांधी के व्यक्तिगत अनुभवों और उनकी जीवन यात्रा को करीब से समझने का अवसर देती है। साथ ही, यह कठिन परिस्थितियों का साहस और धैर्य के साथ सामना करने की सीख भी देती है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से इस पुस्तक को पढ़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जीवन के अनुभवों, संघर्षों और उनसे मिलने वाली सीख को समझना व्यक्ति के व्यक्तित्व और जीवन के प्रति उसके नजरिए को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह-प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


