हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में कांग्रेस विधायक कैप्टन रंजीत राणा के एक बयान ने सियासी चर्चा तेज कर दी है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि वह उनसे मिलने जाते रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग धूमल से मिलने नहीं जाते, वे शायद खुद को उनसे बड़ा समझते हैं।
एक प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को लेकर पूछे गए सवाल पर कैप्टन रंजीत राणा ने कहा कि धूमल के साथ उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध हमेशा से रहे हैं। वह गुरु-शिष्य की परंपरा में विश्वास रखते हैं और धूमल का सम्मान करना अपना कर्तव्य समझते हैं।

‘काला चश्मा उतारकर देखें पूर्व विधायक’
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक कैप्टन रंजीत राणा ने पूर्व विधायक राजेंद्र राणा पर भी तीखे हमले किए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व विधायक ने ऐसा काला चश्मा पहन रखा है, जिससे उन्हें न सुजानपुर का विकास दिखाई देता है और न ही प्रदेश का। उन्हें यह चश्मा उतारकर सही और गलत मुद्दों पर आवाज उठानी चाहिए।
कैप्टन रंजीत राणा ने कहा कि अगर सुजानपुर में कहीं कोई काम ठीक तरीके से नहीं हो रहा है तो पूर्व विधायक उनसे संपर्क कर सकते हैं। वह उस काम को सही करवाने के लिए खुद प्रयास करेंगे।
विधायक ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक का काम अब केवल मोबाइल पर फोटो खिंचवाना और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना रह गया है। उन्होंने कहा, “वह सुबह उठते ही सबसे पहले वीडियो बनाते हैं और फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ बयानबाजी कर उसे सोशल मीडिया पर डाल देते हैं।”
‘हमीरपुर का सीएम होने से क्यों परेशानी?’
विधायक रंजीत राणा ने पूर्व विधायक राजेंद्र राणा से सवाल किया कि उन्हें हमीरपुर जिले का मुख्यमंत्री होने से इतनी परेशानी क्यों है? उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक को हमीरपुर का मुख्यमंत्री नहीं चाहिए, जबकि बाकी कोई भी मुख्यमंत्री बन जाए, आखिर उनकी ऐसी सोच क्यों है?

उन्होंने पूर्व विधायक से इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा। रंजीत राणा ने सवाल उठाया कि अगर वह खुद को सुजानपुर और हमीरपुर का हितैषी बताते हैं तो फिर जिले के मुख्यमंत्री को लेकर उनके मन में ऐसी धारणा क्यों है? विधायक के इन बयानों के बाद सुजानपुर में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।
सुजानपुर दौरे पर आएंगे मुख्यमंत्री
कैप्टन रंजीत राणा ने बताया कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान क्षेत्र में कई विकास कार्यों की घोषणाएं और शिलान्यास होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर की प्रमुख मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखी जा रही हैं, ताकि क्षेत्र को विकास की नई सौगात मिल सके।

टिकट को लेकर विधायक ने कही ये बात
आगामी चुनाव में टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं पर विधायक कैप्टन रंजीत राणा ने कहा कि दोनों पार्टियों ने उन्हें टिकट दिया है और वह क्षेत्र में बेहतरीन काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब काम अच्छा होगा तो आगे भी टिकट मिलेगा। उन्हें टिकट की चिंता नहीं है, बल्कि उनकी प्राथमिकता केवल सुजानपुर का विकास है।
विधायक ने बताया कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


