हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के 100 साल पूरे होने पर चार दिवसीय शताब्दी समारोह का भव्य आगाज हो गया। ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन धर्मशाला की ओर से 13 से 16 नवंबर तक आयोजित इस समारोह का शुभारंभ नगरोटा बगवां के विधायक और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने किया। कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक वासु कौशल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। खास बात यह है कि वासु कौशल भी इसी कॉलेज की पूर्व छात्रा रही हैं।
इस मौके पर आरएस बाली ने कॉलेज के गौरवशाली 100 साल पूरे होने पर ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन और सभी पूर्व विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला प्रदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों ने प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और सेवाओं से संस्थान का नाम रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा, शिक्षा, प्रशासन और सैन्य सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों का योगदान सराहनीय रहा है। किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान केवल उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं होती, बल्कि वहां से पढ़कर निकले विद्यार्थियों की सफलता और समाज के प्रति उनके योगदान से भी बनती है। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।
पूर्व विद्यार्थियों के योगदान को सराहा
आरएस बाली ने वर्ष 1990 में स्थापित ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन धर्मशाला की गतिविधियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने पूर्व विद्यार्थियों को कॉलेज से जोड़े रखने के साथ अकादमिक पुरस्कार समारोह, रक्तदान शिविर, वार्षिक सम्मेलन और विभिन्न सामाजिक व जनकल्याणकारी गतिविधियों के जरिए अहम योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि शताब्दी समारोह जैसे आयोजन संस्थान की गौरवशाली विरासत को संजोने, पुरानी यादों को ताजा करने और पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों से नई पीढ़ी को प्रेरित करने का बेहतर माध्यम हैं।

80 साल से अधिक उम्र के पूर्व विद्यार्थियों का किया विशेष आभार
समारोह में शामिल हुए 80 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व विद्यार्थियों का आरएस बाली ने विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थियों की मौजूदगी से कार्यक्रम और भी गरिमामय बन गया है। अपने पुराने संस्थान के प्रति उनका लगाव और युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के लिए समारोह में पहुंचना प्रेरणादायक है।
ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के कार्यालय के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा
इस अवसर पर आरएस बाली ने कॉलेज के ऑडिटोरियम परिसर में स्थित ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के कार्यालय में विभिन्न सुविधाएं विकसित करने के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह राशि दो दिनों के भीतर जारी कर दी जाएगी।
समारोह के दौरान विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इससे पहले एसोसिएशन के संस्थापक एवं पहले अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार और वर्तमान अध्यक्ष संजीव गांधी ने मुख्य अतिथि आरएस बाली का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायक विक्रम, वर्षा कटोच और संगीत कला केंद्र के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
समारोह में कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी डॉ. एनडी शर्मा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर चन्द्ररेखा डढवाल, कॉलेज के प्राचार्य राकेश पठानिया, डॉ. कौल, विजय जयकारिया, डॉ. अश्वनी सहित विभिन्न विभागों में उच्च पदों पर सेवाएं दे चुके कई पूर्व विद्यार्थी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


