शिमला: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि धर्मशाला में 16 से 21 नवंबर तक होने वाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र वर्तमान कांग्रेस सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र होगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह सत्र बेहद अहम रहने वाला है। भाजपा ने प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है।
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के चार साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। उनके मुताबिक, प्रदेश की आर्थिक और प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है, कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और आम जनता कई समस्याओं से जूझ रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल के सदस्यों ने अलग-अलग मुद्दों पर नोटिस और प्रश्न दिए हैं। विधानसभा सत्र के दौरान इन सभी विषयों को गंभीरता से उठाया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस सरकार के पहले विधानसभा सत्र से ही जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। इस बार भी प्रदेश से जुड़े अहम मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
‘हिमाचल ऑन सेल’ के मुद्दे पर सरकार से मांगा जवाब
प्रदेश की प्रतिष्ठित संपत्तियों को पीपीपी मोड पर देने के प्रस्ताव को लेकर जयराम ठाकुर ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिमला और हिमाचल की पहचान रही ऐतिहासिक संपत्तियों को लेकर सरकार की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ दावा कर रही है कि कोई संपत्ति बेची नहीं जा रही, बल्कि पीपीपी मोड पर दी जा रही है। ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि पीपीपी मॉडल क्या है, इसकी शर्तें क्या हैं और इसके लिए कौन-सी औपचारिकताएं तय की गई हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पीपीपी मोड के कई अलग-अलग मॉडल होते हैं। सरकार ने कौन-सा मॉडल अपनाया है और संपत्तियों को कितने समय के लिए तथा किन शर्तों पर निजी क्षेत्र को दिया जाएगा, इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को इन सवालों का जवाब मिलना चाहिए। भाजपा विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर जवाब मांगेगी।

नशे के खिलाफ वॉकथॉन से नहीं रुकेगा नशा
प्रदेश में बढ़ते नशे के चलन पर चिंता जताते हुए जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के वॉकथॉन कार्यक्रम पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केवल वॉकथॉन आयोजित करने और नेताओं की तस्वीरें लगाकर कार्यक्रम करने से नशे की समस्या खत्म नहीं होगी।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि नशे को रोकने के लिए धरातल पर कौन-से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। जयराम ठाकुर के मुताबिक, इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए सिर्फ आयोजन नहीं, बल्कि प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
स्टाम्प पेपर से लेकर बिजली-पानी तक बढ़े आर्थिक बोझ पर घेरा
स्टाम्प पेपर की कीमतों में बढ़ोतरी और विभिन्न शुल्कों को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कई तरह के सेस और टैक्स लगाकर गरीब और आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पानी, बिजली और अन्य क्षेत्रों में लगातार बढ़ोतरी के कारण आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। प्रदेश पहले ही आर्थिक संकट से गुजर रहा है, लेकिन सरकार के फैसलों से स्थिति और खराब हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि आम जनता पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालने के बावजूद प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार क्यों नहीं हो रहा है।
चार साल का जश्न मनाने से सरकार को बचना चाहिए
कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रस्तावित जश्न को लेकर भी जयराम ठाकुर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार में थोड़ी भी समझ होगी तो उसे ऐसे आयोजन से बचना चाहिए।
अनिल शर्मा को लेकर जयराम बोले- मंडी फिर भाजपा को देगी सभी 10 सीटें
मंडी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक अनिल शर्मा की मौजूदगी और उनके स्वागत को लेकर पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि नजदीकी और दूरी को ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए। नशे के खिलाफ सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए। अगर कोई इस मुद्दे पर साथ आता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जिस तरह अनिल शर्मा के मामलों को उलझाने की कोशिश कर रहे हैं, उससे कुछ हासिल नहीं होने वाला। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मंडी की जनता एक बार फिर भाजपा को सभी 10 सीटें देगी।

सुंदर सिंह ठाकुर को खुलकर नाराजगी जाहिर करने की सलाह
कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की नाराजगी और भाजपा नेताओं के संपर्क में होने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्हें नाराज ही नहीं, बल्कि बेहद नाराज होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ साल से सुंदर सिंह ठाकुर को जिस स्थिति में रखा गया है, उससे उनकी भावनाओं के साथ-साथ कुल्लू की जनता का भी अपमान हुआ है। जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि उनमें आत्मसम्मान की भावना बची है तो उन्हें मुख्यमंत्री से स्पष्ट शब्दों में कह देना चाहिए कि अब बहुत हो गया।
सुंदर सिंह ठाकुर के भाजपा के संपर्क में होने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा, “हमारे साथ बहुत लोग टच में हैं।”
चुनाव को लेकर अभी टिप्पणी नहीं
विधानसभा चुनाव से पहले संभावित चुनावी गतिविधियों को लेकर पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी परिवार शोकाकुल है, इसलिए इस विषय पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। चुनाव आयोग जब फैसला करेगा और चुनाव की तारीखें तय होंगी, तब इस पर बात की जाएगी।
पार्टी में नेताओं के आने-जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी अध्यक्ष की ओर से प्रतिक्रिया दी जाएगी। सिंघीराम जी आए थे और चले गए, बस इतना ही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


