नगरोटा बगवां। चाहड़ी रोड पर अक्षय पैलेस के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में अमन जम्वाल उर्फ अम्मू की जान चली गई थी। पुलिस ने घटना के दो दिन के भीतर आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हादसे में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर को चाहड़ी रोड पर अक्षय पैलेस के पास तेज रफ्तार कार ने अमन जम्वाल उर्फ अम्मू को टक्कर मार दी थी। हादसे में अमन की मौत हो गई थी। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था।
आरोपी तक पहुंचने के लिए नगरोटा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के आधार पर पुलिस ने फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दरंग निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना के बाद चालक मौके से क्यों फरार हुआ।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


