शाहपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत 45 मील में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक कार टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और तीन बच्चे घायल हो गए। मृतका की पहचान बाला देवी पत्नी मनीष कुमार निवासी सिंहूंवा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाला देवी अपने पति मनीष कुमार और तीन बच्चों के साथ कार में सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान 45 मील में सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाला देवी की जान चली गई, जबकि उनके पति मनीष कुमार, दो बेटियां सृष्टि और शिवाया तथा बेटा रुद्र घायल हो गए।
हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आगामी कार्रवाई शुरू की। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


