शाहपुर। रैत-तत्वानी सड़क का निर्माण कार्य दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद पूरा नहीं हो पाया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत करीब 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। रैत, नेरटी और मछियाल क्षेत्र के लोगों ने पूर्व विधायक विशाल नैहरिया से मुलाकात कर रैत से कोला तक सड़क निर्माण में हो रही देरी और इससे पैदा हो रही परेशानियों की जानकारी दी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण का टेंडर अवॉर्ड हुए दो साल से अधिक का समय बीत चुका है। परियोजना के लिए धनराशि भी उपलब्ध हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा है। सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क से उड़ने वाली धूल-मिट्टी के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। वहीं, स्कूली बच्चों को सुबह खराब सड़क के चलते समय पर स्कूल पहुंचने में दिक्कत होती है।
सड़क की बदहाल स्थिति का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ रहा है। ऑटो चालकों, टैक्सी व्यवसायियों और निजी वाहन मालिकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वाहन चालक नियमित रूप से रोड टैक्स सहित अन्य करों का भुगतान करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें चलने योग्य सड़क जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल पा रही है। खराब सड़क के कारण वाहनों में टूट-फूट बढ़ रही है और मरम्मत पर लगातार खर्च करना पड़ रहा है। इससे स्थानीय परिवहन व्यवसायियों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।
इस मामले को लेकर पूर्व विधायक विशाल नैहरिया ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, तो दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद सड़क का काम पूरा क्यों नहीं हुआ? प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग आखिर किस बात का इंतजार कर रहे हैं?
विशाल नैहरिया ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण में देरी का मामला नहीं है, बल्कि इससे आम लोगों का स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा, स्थानीय व्यवसाय और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। सड़क जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिलने के कारण क्षेत्रवासियों को लगातार आर्थिक और शारीरिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।

उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और संबंधित विभाग से मांग की कि सड़क निर्माण में देरी के कारणों को सार्वजनिक किया जाए। साथ ही ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा निर्माण कार्य को जल्द पूरा करवाने के लिए निश्चित समयसीमा घोषित की जाए।
विशाल नैहरिया ने सवाल उठाया कि जब सड़क निर्माण के लिए पैसा उपलब्ध है और टेंडर भी अवॉर्ड हो चुका है, तो जनता को धूल-मिट्टी, खराब सड़क और वाहनों की टूट-फूट के बीच रहने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। क्षेत्र की जनता को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अच्छी और सुरक्षित सड़क चाहिए।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


