हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर दी है। उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि यदि 11 दिसंबर तक उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलती है तो वह कांग्रेस छोड़ने जैसा बड़ा कदम उठा सकते हैं। बुधवार को कुल्लू के परिधि गृह में पार्टी पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में उनका दर्द सामने आया। अपनी बात रखते हुए वह भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

आत्मसम्मान और कुल्लू की जनता के सम्मान का दिया हवाला
बैठक में सुंदर सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कहा कि अब वे ही बताएं कि उन्हें आगे क्या करना चाहिए। उन्होंने अपनी नाराजगी को केवल मंत्री पद की दावेदारी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे अपने आत्मसम्मान और कुल्लू की जनता के मान-सम्मान से जोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार के चार साल 11 दिसंबर को पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई है। विधायक ने 11 दिसंबर तक का अल्टीमेटम देते हुए संकेत दिया कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ सामूहिक इस्तीफे का रास्ता भी अपना सकते हैं।

कांग्रेस छोड़ने या निर्दलीय चुनाव लड़ने के विकल्प भी रखे
सुंदर सिंह ठाकुर ने अपनी अगली राजनीतिक दिशा तय करने का अधिकार कुल्लू की जनता पर छोड़ दिया। उन्होंने कांग्रेस में बने रहने, पार्टी छोड़ने या निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने जैसे विकल्प भी सामने रखे। बैठक में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने उनके प्रति समर्थन जताया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कई बार सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने के संकेत दे चुके हैं। ऐसे में अब सभी की निगाहें 11 दिसंबर पर टिकी हैं। देखना होगा कि इस समयसीमा तक उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिलती है या फिर वह कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हैं।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



