कांगड़ा के उपायुक्त और 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हेमराज बैरवा अब केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय में उन्हें उपसचिव के पद पर नियुक्ति मिली है। सक्षम प्राधिकारी ने उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी है और केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने 26 अक्तूबर को इस संबंध में आदेश जारी कर हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
चार साल के लिए केंद्र में प्रतिनियुक्ति
हेमराज बैरवा की नियुक्ति केंद्रीय प्रतिनियुक्ति योजना के तहत चार साल के लिए की गई है। उनकी प्रतिनियुक्ति की अवधि पदभार ग्रहण करने की तारीख से शुरू होगी या अगले आदेश तक जारी रहेगी। इनमें से जो भी पहले होगा, उसी के आधार पर उनकी प्रतिनियुक्ति की अवधि तय की जाएगी।

केंद्र में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए हेमराज बैरवा को अब हिमाचल प्रदेश सरकार से कार्यमुक्त होना होगा। इसके बाद वह दिल्ली में ऊर्जा मंत्रालय में उपसचिव के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे।
तीन सप्ताह के भीतर संभालना होगा पदभार
केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के उपसचिव अजीत कुमार रंजन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अधिकारी को नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर नया पदभार संभालना होगा।
आदेश के मुताबिक, अगर निर्धारित समय के भीतर अधिकारी नए पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं करते हैं, तो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति योजना के तहत उनकी उम्मीदवारी समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
हेमराज बैरवा हिमाचल प्रदेश काडर के वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अब वह राज्य सरकार से कार्यमुक्त होकर केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्रालय में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


