हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के सनोली गांव में एक दर्दनाक हादसे में छोटे बच्चे की जान चली गई। नौगज्जा पीर मंदिर के पास हुई इस घटना में मंदिर के अंदर खेल रहा बच्चा गेट से बाहर निकलते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मृतक बच्चे की पहचान राजदीप सिंह पुत्र दविंद्र सिंह, निवासी सनोली के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

चालक ने पीछे देखे बिना किया ट्रैक्टर रिवर्स
पुलिस को दिए बयान में सनोली निवासी नवजोत सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम वह नौगज्जा पीर मंदिर के पास मौजूद था। इसी दौरान गांव का कुलदीप सिंह उर्फ लाड्डी ट्रैक्टर लेकर गली में पहुंचा और उसे रिवर्स करते हुए मंदिर के अंदर ले जाने लगा।
उस समय राजदीप मंदिर के अंदर खेल रहा था। जैसे ही बच्चा गेट से बाहर निकलने लगा, वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, चालक ने पीछे देखे बिना लापरवाही से ट्रैक्टर रिवर्स किया, जिससे यह हादसा हुआ।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे में राजदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सिविल अस्पताल नंगल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी संतोषगढ़ की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि नवजोत सिंह के बयान के आधार पर थाना सदर ऊना में ट्रैक्टर चालक कुलदीप सिंह उर्फ लाड्डी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


