कांगड़ा जिले के फतेहपुर में शुक्रवार, 23 अक्तूबर को कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार की अध्यक्षता में ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा सुनिश्चित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं का जल्द समाधान करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार तय समय में उनका समाधान किया जाए।
मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलती है और आम जनता का प्रशासन पर भरोसा मजबूत होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे मंचों के माध्यम से अपनी समस्याएं और विकास संबंधी सुझाव प्रशासन के सामने रखें, ताकि उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
प्रो. चंद्र कुमार ने किसानों और पशुपालकों के हितों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने भैंस के दूध का न्यूनतम मूल्य 71 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध का न्यूनतम मूल्य 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि और पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि ढगवार मिल्क प्लांट की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाई गई है। जल्द ही यहां प्रतिदिन डेढ़ लाख लीटर दूध के प्रसंस्करण की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे दूध के साथ विभिन्न दुग्ध उत्पादों के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा और दुग्ध उत्पादकों को लाभ पहुंचेगा।
जनहित के मामलों का त्वरित निदान सरकार की प्राथमिकता: भवानी सिंह पठानिया
फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि ‘सरकार गाँव के द्वार’ जैसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए लोगों को अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखने का अवसर मिलता है, जिससे समाधान की प्रक्रिया तेज होती है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान, जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में छतर जोगियां में आयोजित इसी कार्यक्रम के तहत प्राप्त 107 जनसमस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया गया था।
भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि आम जनता को अपने काम करवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
कार्यक्रम में बीडीसी अध्यक्ष अनीता कुमारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन जीत सिंह, उपायुक्त राहत एवं पुनर्वास कुलबीर सिंह राणा, डीएफओ संदीप कोहली, एसडीएम रमन कुमार और एएसपी डी.सी. वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


