हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में महर्षि वाल्मीकि चौक के पास स्वागत द्वार को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। वाल्मीकि मोहल्ला और गोविंदगढ़ मोहल्ला के लोग आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान कांच की खाली बोतलें भी फेंकी गईं। पथराव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय शक्ति सिंह, सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह समेत करीब पांच पुलिसकर्मियों और कुल 20 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। हिंसा के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी निशाना बनाया गया।

मौके पर पहुंचे तहसीलदार नाहन उपेंद्र चौहान की किराये की गाड़ी पर भी पत्थर बरसाए गए। घटनास्थल पर खड़ी दर्जनों गाड़ियों और दोपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार करनी पड़ी। शाम करीब चार बजे पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को घटनास्थल से दूर कर स्थिति शांत करवा दी थी, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद साढ़े पांच बजे फिर विवाद भड़क गया। दोनों ओर से दोबारा पत्थरबाजी शुरू होने पर पुलिस ने लाठियां भांजते हुए लोगों को मौके से खदेड़ा। इस दौरान पुलिस बल पर भी पत्थर फेंके गए।
हिंसक झड़प के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। इससे नाहन शहर की यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
विवाद की शुरुआत शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे महर्षि वाल्मीकि चौक के पास हुई। गोविंदगढ़ मोहल्ले के कुछ लोग पिछले वर्ष टूटे गुरुद्वारा श्री दशमेश अस्थान के स्वागत द्वार की मरम्मत के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने के साथ ही दोनों ओर से लोग मौके पर जुटने लगे और कुछ ही देर में विवाद पत्थरबाजी में बदल गया।
पत्थरबाजी के दौरान एक सरकारी विभाग की छत पर रखी पानी की टंकी भी टूट गई। क्षेत्र में एक कबाड़ की दुकान में आग लगाए जाने की सूचना भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय शक्ति सिंह और सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन की ओर से उपमंडल अधिकारी नाहन राजीव सांख्यान समेत अन्य अधिकारी भी स्थिति को संभालने में जुटे रहे।
हालात की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की गाड़ी के साथ धौलाकुआं स्थित छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी की दो टुकड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने कहा- स्थिति नियंत्रण में, जांच के बाद होगी कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों और लोगों को चोटें आई हैं।
नरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की जांच के बाद दोनों गुटों के लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उपमंडल अधिकारी नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि घटना में 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


