हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 12वें ब्रिक्स संसदीय सम्मेलन में शामिल होंगे और सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें विशेष निमंत्रण भेजा है। निमंत्रण स्वीकार करने के बाद कुलदीप सिंह पठानिया 25 अक्टूबर को शिमला से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

12वें ब्रिक्स संसदीय सम्मेलन का आयोजन 26 और 27 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगा। देश की संसद इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रही है। सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली स्थित संसद भवन में किया जाएगा, जिसमें ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों और 10 पार्टनर देशों की संसदों के पीठासीन अधिकारी तथा संसदीय शिष्टमंडल हिस्सा लेंगे।
इस सम्मेलन का विषय ऐसी संसदों को मजबूत करना है, जो विकास के केंद्र में व्यक्ति, समाज और उनकी वास्तविक जरूरतों को रखती हैं। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे।
हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना संबोधन देंगे। सम्मेलन में विभिन्न देशों के संसदीय प्रतिनिधियों के बीच विकास, लोकतांत्रिक संस्थाओं और समाज की वास्तविक जरूरतों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


