कांगड़ा जिले की ग्राम पंचायत घोड़ब के वार्ड नंबर-1 में वीरवार शाम एक मकान में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। राज कुमार पुत्र प्रेम चंद के घर में लगी आग इतनी भयानक थी कि दो कमरों और किचन में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान किचन में रखा रसोई गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आने के बाद फट गया।
बताया जा रहा है कि जिस समय घर में आग लगी, उस वक्त परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। इस वजह से किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। मकान से उठती आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी गाड़ी के साथ घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
आग की इस घटना ने परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा कर दिया है। घर में न तो रात को सोने के लिए बिस्तर बचे हैं और न ही खाना बनाने के बर्तन और राशन। परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी बड़ा सदमा है, क्योंकि उनकी बेटी की शादी अगले महीने तय है और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में आग लगने से परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
पूर्व विधायक अरुण कुमार कूका ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित गरीब परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि इस मुश्किल समय में उन्हें राहत मिल सके।
प्रशासन ने दी फौरी राहत
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार नगरोटा बगवां अशोक पठानिया ने पीड़ित परिवार को तुरंत 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। साथ ही पटवारी और कानूनगो को आग से हुए नुकसान का पूरा आकलन करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार अशोक पठानिया ने बताया कि नुकसान का सही आकलन होने के बाद पीड़ित परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


