सोशल मीडिया पर एक युवती द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों के मामले में मंडी पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कांगड़ा जिले के थुरल से हिरासत में लेने के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर एक युवती का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उसने एक व्यक्ति पर दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। इस मामले में पुलिस थाना सदर मंडी में 29 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया जा चुका है और अदालत के समक्ष उसका बयान भी दर्ज कराया गया है।
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए मंडी पुलिस की टीम ने 2 अक्तूबर की रात आरोपी को थुरल, जिला कांगड़ा से हिरासत में लिया। इसके बाद शनिवार को उसे पुलिस चौकी सिटी मंडी लाया गया। यहां पूछताछ और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला मूल रूप से पुलिस थाना सिविल लाइंस, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर थाना सदर मंडी में दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप है कि आरोपी युवती को शादी का झांसा देकर मंडी लाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह पीड़िता का मोबाइल, नकदी और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। मंडी पुलिस मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने आम जनता से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी वीडियो या पोस्ट को बिना जांच-पड़ताल और सत्यापन के आगे शेयर नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना या शिकायत की सूचना सीधे पुलिस को दी जानी चाहिए, ताकि अफवाहों से बचा जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


