जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के सिस्सू में गत रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक जिला मंडी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लाहौल-स्पीति पुलिस के अनुसार, गत रात कार नंबर एचपी-31सी-1662 गोंधला की ओर जा रही थी। सिस्सू सेल्फी प्वाइंट के पास पहुंचते ही चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना में सुरेश पुत्र तोता राम, निवासी भडियाल, तहसील बल्ह, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान मोहन सिंह पुत्र सेवक राम, निवासी चुवाड़ी, राजगढ़, निखिल पुत्र रमेश चंद, निवासी सकरोआ, बबलू पुत्र हल्कू राम, निवासी मंडी और पवन कुमार पुत्र लक्ष्मण दास, निवासी टिक्कर, तहसील बल्ह के रूप में हुई है। केलांग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बबलू, मोहन सिंह और पवन कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया।
कुल्लू में उपचार के दौरान बबलू ने भी जख्मों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


