हमीरपुर। थल सेना की अग्निवीर भर्ती की संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास करने वाले जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इन उम्मीदवारों को ई-मेल के माध्यम से भी इसकी जानकारी दे दी गई है। अब इन अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण शुरू होने जा रहा है।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि इन अभ्यर्थियों का ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक होने वाली भर्ती रैली के दौरान पूरी की जाएगी। यह भर्ती रैली हमीरपुर के निकट अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित होगी।
कर्नल श्रीधर राजन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने एडमिट कार्ड का अच्छी गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंट साथ लेकर आएं, ताकि भर्ती रैली में बार कोड स्कैनिंग के माध्यम से प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने उम्मीदवारों से वेबसाइट पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ने और भर्ती के लिए जरूरी सभी दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ 2-2 सेल्फ अटेस्टेड प्रतियां लाने को कहा है।
ये दस्तावेज लाने होंगे साथ
कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित सभी प्रमाण पत्रों की 3-3 प्रतियां साथ लानी होंगी। यदि किसी अभ्यर्थी ने ओपन स्कूल से मैट्रिक की है तो अंतिम स्कूल का छोड़ने का प्रमाण पत्र भी लाना होगा, जिस पर सक्षम अधिकारी द्वारा काउंटर साइन किया गया हो।
इसके अलावा बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, डोगरा क्लास या जाति प्रमाण पत्र, धर्म का प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, सेवारत सैनिक या भूतपूर्व सैनिक के पुत्र का प्रमाण पत्र और अविवाहित होने का प्रमाण पत्र भी आवश्यक होगा। अधिसूचना में दिए गए निर्धारित प्रारूप पर एफिडेविट भी साथ लाना होगा।
क्लर्क या एसकेटी पद के लिए ओ लेवल सर्टिफिकेट, एनसीसी और खेल गतिविधियों से संबंधित प्रमाण पत्र, बैंक खाता, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अभ्यर्थियों को साथ लाने होंगे। इसके अलावा 20 पासपोर्ट साइज फोटो भी भर्ती रैली के दौरान आवश्यक होंगे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


