द्रम्मन (शाहपुर), 20 सितंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खंड शाहपुर की ओर से द्रम्मन में युवा खेल संगम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, संगठन और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश कुमार ने की, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला कांगड़ा के जिला कार्यवाह सुधीर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को खेलों के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
युवा खेल संगम के दौरान मुख्य रूप से कबड्डी और रस्साकस्सी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। कबड्डी प्रतियोगिता में डडामन टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि द्रोणाचार्य कॉलेज टीम उपविजेता रही। वहीं रस्साकस्सी प्रतियोगिता में सेंट्रल यूनिवर्सिटी शाहपुर टीम विजेता और शाहपुर लोकल प्लेयर्स उपविजेता रहे।
जूनियर खिलाड़ियों के बीच एक कॉम्प्लिमेंटरी रस्साकस्सी मैच भी करवाया गया। इसमें सुभाष और उनकी टीम ने जीत हासिल की, जबकि शिवाजी टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम के दौरान सभी विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली प्रत्येक टीम के हर खिलाड़ी को भारत माता का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार राशि के रूप में कबड्डी की विजेता टीम को 3100 रुपये और उपविजेता टीम को 2100 रुपये दिए गए। रस्साकस्सी की विजेता टीम को 2100 रुपये और उपविजेता टीम को 1100 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर कमलपादा, अनीता, निधियाराम, पवन, बरियाम, रजनीश तथा द्रम्मन शाखा के शाखा कार्यवाह सुरेश सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों, अतिथियों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ राष्ट्रगान से हुआ। युवा खेल संगम के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, आपसी भाईचारे और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने का प्रयास किया गया।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


