सुंदरनगर: मंडी जिले के उपमंडल सुंदरनगर के तहत डैहर पुल से एक 38 वर्षीय महिला द्वारा सतलुज दरिया में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। स्थानीय युवकों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को दरिया से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता देवी पत्नी भगत राम, निवासी गांव बड़ौन, डाकघर जड़ोल, तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह महिला ने अचानक डैहर पुल से सतलुज दरिया में छलांग लगा दी। घटना का पता चलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने दरिया में उतरकर महिला की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद युवकों ने महिला के शव को दरिया से बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
महिला ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
बताया गया है कि महिला का शव जिला बिलासपुर के बरमाणा वाले छोर की तरफ से बरामद हुआ है। अधिकार क्षेत्र के चलते मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई पुलिस थाना बरमाणा की टीम द्वारा की जा रही है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने डैहर पुल से महिला द्वारा छलांग लगाने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान से शव बरामद हुआ है, वह पुलिस थाना बरमाणा के क्षेत्राधिकार में आता है। इसलिए घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संबंधित पुलिस थाना द्वारा पूरी की जा रही है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


