नालागढ़: हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ क्षेत्र के सैणीमाजरा में पुलिस ने एक होटल में कथित देह व्यापार के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान होटल से दो महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल को लीज पर चलाने वाले एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बद्दी पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना नालागढ़ के अंतर्गत सैणीमाजरा स्थित एक होटल में देह व्यापार का अवैध धंधा चलाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद एसपी विनोद धीमान के दिशा-निर्देशानुसार विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना की पुष्टि के बाद सुनियोजित तरीके से होटल में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान होटल को लीज पर चलाने वाले मनप्रीत सिंह निवासी गांव व डाकघर हम्बोवाल बेट, तहसील समराला, जिला लुधियाना, पंजाब को मौके से काबू किया गया। छापेमारी के दौरान होटल से दो पीड़ित महिलाओं को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी मनप्रीत सिंह के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना नालागढ़ में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेस्क्यू की गई महिलाओं को सुरक्षित रखा गया है और उनके लिए आवश्यक सुरक्षा एवं सहायता की व्यवस्था की गई है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


