कांगड़ा। पौंग झील में भटोली फकोरियां के समीप बुधवार को अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की हालत खराब होने के कारण महिला की उम्र का स्पष्ट अनुमान नहीं लगाया जा सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर उसकी उम्र करीब 40 वर्ष होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।
झील से शव निकालकर पुलिस ने शुरू की जांच
महिला का शव मिलने की सूचना मिलते ही हरिपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को झील से बाहर निकाला और प्रारंभिक जांच की। जांच के दौरान शव के पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद नहीं हुई, जिससे महिला की पहचान हो सके।
देहरा शवगृह में रखा शव, 72 घंटे तक पहचान का इंतजार
पुलिस ने शव को देहरा स्थित शवगृह में रखवा दिया है। शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए रखा जाएगा। महिला की पहचान के लिए इसकी सूचना जिले के सभी संबंधित पुलिस थानों को भी दे दी गई है।
ऊपरी क्षेत्र से बहकर आने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि महिला का शव किसी ऊपरी क्षेत्र से बहकर पौंग झील के इस हिस्से तक पहुंचा हो सकता है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
एसपी देहरा संदीप धवल ने महिला का शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला की पहचान के प्रयास लगातार जारी हैं।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


