सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर स्थित थाना बीएसएल कॉलोनी क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को दूसरे व्यक्ति द्वारा अपने पास छिपाकर रखने का आरोप लगाया है। पति ने पत्नी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से उसे जल्द तलाश कर सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।
घरेलू विवाद के बाद बच्चों को छोड़कर मामा के घर गई थी महिला
पुलिस को दी शिकायत में कुफरी, डाकघर पौड़ाकोठी निवासी दुमानू राम ने बताया कि 11 जुलाई को घरेलू मसले को लेकर उसकी पत्नी के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसकी पत्नी गुस्से में अपने दो मासूम बच्चों को घर पर छोड़कर गांव चिराल स्थित अपने मामा के घर चली गई। शिकायतकर्ता के अनुसार महिला करीब एक महीने तक अपने मामा के पास ही रही।
करसोग के व्यक्ति पर पत्नी को अपने साथ ले जाने का आरोप
दुमानू राम के अनुसार बाद में उसे पता चला कि करसोग के तेबन गांव का रहने वाला एक व्यक्ति उसकी पत्नी को चिराल गांव से अपने साथ ले गया है। पति ने आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्ति उसकी पत्नी को कहीं छिपाकर रखे हुए है और उसे वापस घर आने नहीं दे रहा है।
पत्नी के अचानक लापता होने और दूसरे व्यक्ति के साथ होने की जानकारी के बाद दुमानू राम ने उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसने थाना बीएसएल कॉलोनी पुलिस से पत्नी का जल्द पता लगाने और उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पति की शिकायत के आधार पर थाना बीएसएल कॉलोनी में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बताए जा रहे व्यक्ति और लापता महिला की तलाश शुरू कर दी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


