कांगड़ा। जिले के उपमंडल धीरा की ग्राम पंचायत नौरा के मतेहड़ गांव से बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय सेना में तैनात 42 वर्षीय हवलदार अश्वनी कुमार का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। जवान के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
21 गढ़वाल रेजिमेंट में हवलदार क्लर्क के पद पर थे तैनात
जानकारी के अनुसार अश्वनी कुमार पुत्र स्वर्गीय शरवन मेहता भारतीय सेना की 21 गढ़वाल रेजिमेंट में हवलदार क्लर्क के पद पर सेवाएं दे रहे थे। इन दिनों उनकी तैनाती दिल्ली में थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 10:45 बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
साथी जवानों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सैन्य अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अश्वनी कुमार की तबीयत में कुछ राहत भी महसूस हुई। लेकिन रात करीब 12 बजे उनकी हालत दोबारा बिगड़ गई और दिल का दौरा पड़ने से उन्होंने अंतिम सांस ली।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बुधवार सुबह जैसे ही हवलदार अश्वनी कुमार के निधन की खबर उनके पैतृक गांव मतेहड़ पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अश्वनी कुमार अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।
वीरवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
बताया जा रहा है कि हवलदार अश्वनी कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया जा रहा है। वीरवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


