नालागढ़ के नंगल में सोमवार को दिनदहाड़े कबाड़ कारोबारी को गोली मारने पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों की कोशिश ऐन वक्त पर नाकाम हो गई। दोनों आरोपियों ने कारोबारी के बेटे पर पिस्टल तानकर तीन बार फायर करने का प्रयास किया, लेकिन हर बार पिस्टल से गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी और महज आधे घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को ढेरोंवाल बैरियर के पास हथियारों समेत गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए दोनों आरोपी कुख्यात गैंगस्टर पवन कौशल चौधरी गैंग के गुर्गे बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल और 15 जिंदा रौंद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह पुत्र स्वतंत्र सिंह निवासी जिला कैथल और मनप्रीत सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा।
पुलिस के अनुसार वीर कुमार गुप्ता पुत्र राम चंद गुप्ता निवासी नंगल की दभोटा रोड पर कबाड़ की दुकान है। सोमवार सुबह दुकान पर उनका बेटा हर्षराज मौजूद था। इसी दौरान काले रंग की बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल पर दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक से उतरकर दुकान की ओर आया और पिस्टल निकालकर सीधे हर्षराज पर तान दी। आरोपी ने लगातार तीन बार फायर करने का प्रयास किया, लेकिन पिस्टल से गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर नालागढ़ की ओर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गईं और क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई। एसएचओ नालागढ़ राकेश राय की अगुवाई में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों पर घेराबंदी की। पुलिस की मुस्तैदी के चलते वारदात के करीब आधे घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को ढेरोंवाल बैरियर के पास पकड़ लिया गया।
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के गैंगस्टर पवन कौशल चौधरी गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। दोनों आरोपियों के संपर्कों और गैंग नेटवर्क को खंगाला जा रहा है, ताकि वारदात के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाया जा सके।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि कबाड़ कारोबारी पर जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीमें गठित कर नाकेबंदी की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज आधे घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को ढेरोंवाल बैरियर के समीप गिरफ्तार कर लिया।
करीब एक महीने पहले कबाड़ कारोबारी को धमकी देकर फिरौती मांगने का मामला भी अब पुलिस जांच की अहम कड़ी बन गया है। बताया जा रहा है कि वर्चुअल नंबर के जरिए कारोबारी को धमकी दी गई थी और उससे फिरौती मांगी गई थी। इसके करीब एक महीने बाद हथियारों से लैस दो नकाबपोश युवकों का सीधे गोदाम पर पहुंचना और तीन बार फायर करने का प्रयास करना मामले को और गंभीर बना रहा है। पुलिस अब धमकी, फिरौती की मांग और सोमवार की वारदात के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


