हमीरपुर जिले के जोलसप्पड़ निवासी 77 वर्षीय चिकित्सक डॉ. राजेंद्र कंवर ने अपनी और दिवंगत पत्नी कृष्णा कंवर की 80 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति प्रदेश सरकार को समर्पित कर समाज के सामने मिसाल पेश की है। डॉ. कंवर ने पांच अगस्त को संपत्ति की गिफ्ट डीड सरकार के नाम कर दी। इसके बाद संबंधित भूमि का इंतकाल भी प्रदेश सरकार यानी डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के नाम दर्ज हो गया है।

डॉ. राजेंद्र कंवर ने बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने वर्ष 2021 में ही अपनी पूरी चल-अचल संपत्ति प्रदेश सरकार के नाम करने का फैसला लिया था। अब पांच अगस्त को गिफ्ट डीड के माध्यम से उन्होंने यह संपत्ति सरकार को सौंप दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनकी स्वयं अर्जित संपत्ति है, जबकि पुश्तैनी संपत्ति वह अपने करीबी रिश्तेदारों को देंगे।
डॉ. कंवर चाहते हैं कि उनकी संपत्ति का इस्तेमाल जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किया जाए। उन्होंने सरकार से यहां जेरियाट्रिक केयर सेंटर या वृद्धाश्रम बनाने का आग्रह किया है। उनकी इच्छा है कि इस संस्थान का नाम ‘कृष्णा राजेंद्र’ रखा जाए। जोलसप्पड़ में उनकी दो मंजिला मकान, पांच कनाल पांच मरला भूमि, आभूषण, कार, फर्नीचर, बैंक जमा राशि और अन्य संपत्ति है। वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार इस संपत्ति की कीमत 80 करोड़ रुपये से अधिक है। यह संपत्ति निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।

77 वर्ष की उम्र में भी मरीजों का इलाज कर रहे हैं डॉ. कंवर
डॉ. राजेंद्र कंवर आज भी अपने घर पर मरीजों का महज चंद रुपये में उपचार कर रहे हैं। उन्होंने मृत्यु के बाद अपनी देह मेडिकल छात्रों के अध्ययन के लिए मेडिकल कॉलेज को दान करने का भी फैसला लिया है। इसके लिए उन्होंने एनाटॉमी विभाग में लिखित सहमति दी है और विभाग की ओर से उन्हें पहचान पत्र भी जारी किया गया है।
डॉ. कंवर ने तीन जनवरी 1977 को स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल ऑफिसर के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। वर्ष 2010 में वह वरिष्ठ चिकित्सक के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनकी पत्नी कृष्णा कंवर ने शिक्षा विभाग में करीब 32 वर्ष तक सेवाएं दीं और वर्ष 2011 में प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। उनका छह दिसंबर 2020 को निधन हो गया था।

डॉ. कंवर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर संपत्ति के उपयोग को लेकर अपनी इच्छा बताई है। उन्होंने एसडीएम नादौन को भी इस संबंध में अवगत करवाया है। एसडीएम निशांत शर्मा ने डॉ. कंवर के इस निर्णय की सराहना की है।
संक्षिप्त सारांश: हमीरपुर के डॉ. राजेंद्र कंवर ने अपनी और दिवंगत पत्नी की 80 करोड़ रुपये से अधिक की स्वयं अर्जित संपत्ति हिमाचल प्रदेश सरकार को दान कर दी। उनका उद्देश्य संपत्ति का इस्तेमाल जरूरतमंदों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करना है। वह यहां ‘कृष्णा राजेंद्र’ नाम से जेरियाट्रिक केयर सेंटर या वृद्धाश्रम बनाना चाहते हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


