धर्मशाला: मौसम अनुकूल रहने पर धर्मशाला की प्रसिद्ध डल लेक में जल्द ही आरती शुरू की जा सकती है। यह जानकारी शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को सतोबरी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी। बैठक में भतल्ला और कजलोट पंचायतों से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की गई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक में भतल्ला और तोतारानी में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों, गतड़ी सड़क पर विद्युत तारों और पेड़ों से जुड़ी समस्याओं, डल–गद्दी बस्ती संपर्क मार्ग, तोतारानी में एम्बुलेंस सड़क निर्माण, पंचायत घर निर्माण, चांदमारी में भूस्खलन से हुए नुकसान, बर्नेट में श्मशान घाट निर्माण तथा डेंजर जोन में आए घरों की सुरक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि दियाड़ा की वर्षों पुरानी सड़क की मांग को पूरा करते हुए लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में भी सुधार किया गया है।

उन्होंने कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो डल लेक में शीघ्र ही आरती शुरू की जाएगी। उनके अनुसार डल लेक का धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व है तथा यहां वर्षभर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं और बरसात के दौरान लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी सामाजिक सहभागिता के साथ सक्रिय भूमिका निभाने और किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकें। बैठक के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, बीडीओ धर्मशाला अभिनीत कात्यान, डीएम फॉरेस्ट कॉरपोरेशन अमरीश शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति सुमित, तहसीलदार धर्मशाला राहुल शर्मा, एसीएफ दौलत, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, भतल्ला पंचायत की प्रधान कमला देवी, कजलोट पंचायत की प्रधान सपना, उपप्रधान करनैल, वार्ड सदस्य शिव कुमार, गायत्री, बिनता देवी, सुमना देवी, रोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


