धर्मशाला, 1 अगस्त: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बोह आपदा प्रभावित परिवारों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि स्थायी आवास के लिए भूमि की जरूरत वाले 14 परिवारों को जल्द सरकारी जमीन उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आपदा के दौरान ग्रामीणों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाली राणो देवी को प्रदेश स्तरीय सम्मान के लिए अनुशंसित किया जाएगा। इसके अलावा राहत एवं बचाव कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और पंचायत प्रतिनिधियों को भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

शनिवार को धर्मशाला स्थित मिनी सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और मानसून के दौरान राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बोह आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि जिन 14 परिवारों को स्थायी आवास के लिए भूमि की आवश्यकता है, उन्हें सरकारी भूमि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया तेज़ी से पूरी की जाएगी। इसके लिए राजस्व विभाग को आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित विशेष राहत पैकेज प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा राहत पैकेज है। इसके तहत पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 7.50 लाख रुपये, घरेलू सामान के लिए 1 लाख रुपये यानी कुल 8.50 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा फसल, पशुधन, दुकानों और अन्य नुकसान के लिए भी विशेष आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है।

केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बोह क्षेत्र के दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। इनमें प्रभावित परिवारों को सरकारी भूमि उपलब्ध करवाना, बोह सड़क के सुधार के लिए लोक निर्माण विभाग को एक करोड़ रुपये जारी करना, मृत दुधारू पशु पर 55 हजार रुपये, बकरी पर 15 हजार रुपये, जलभराव से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 1 लाख रुपये, दुकानों को नुकसान के अनुसार 50 हजार से 1 लाख रुपये तक की सहायता, फसल नुकसान पर 5 हजार रुपये प्रति कनाल, किराये के मकान में रह रहे प्रभावित परिवारों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह, छह महीने का निःशुल्क राशन तथा रिडकमार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्तरोन्नत करना शामिल है। उन्होंने बताया कि अब तक 25 प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपये और 16 परिवारों को 10-10 हजार रुपये की अंतरिम राहत भी जारी की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान समय रहते ग्रामीणों को सतर्क कर संभावित बड़ी जनहानि टालने वाली राणो देवी को प्रदेश स्तरीय सम्मान दिलाने की संस्तुति की जाएगी। उनके अनुसार यदि समय पर लोगों को चेतावनी नहीं मिलती तो नुकसान और अधिक हो सकता था।

उपमुख्य सचेतक ने यह भी कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्थानीय लोगों, स्वयंसेवकों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा, ताकि समाज में सेवा और मानवता की भावना को और अधिक बढ़ावा मिल सके।
बैठक के दौरान केवल सिंह पठानिया ने बोह आपदा के समय जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों द्वारा किए गए समन्वित कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, राहत शिविर, दस्तावेजों की पुनर्प्राप्ति और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई गईं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में परियोजनाएं पूरी करने, मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने, लंबित कार्यों में तेजी लाने और पर्यटन व आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इस दौरान कांगड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक एवं नगर निगम आयुक्त ज़फर इक़बाल ने बताया कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसीबी) भी बोह आपदा प्रभावित परिवारों को कुल 9 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देगा। इसके तहत पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को 30-30 हजार रुपये और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


