शाहपुर: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया देर रात शिमला से धर्मशाला पहुंचे और सुबह होते ही एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुधेड़ में भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित संपर्क मार्गों तथा डेंजर जोन में आए मकानों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, केवल सिंह पठानिया शिमला में एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने गए थे। इसी दौरान उन्हें सुधेड़ क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने उसी शाम अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना होने का फैसला किया। देर रात धर्मशाला पहुंचने के बावजूद उन्होंने शुक्रवार सुबह सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को संपर्क मार्गों को जल्द बहाल करने, उनसे जुड़े विकास कार्यों में तेजी लाने और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके बाद केवल सिंह पठानिया ने धर्मशाला स्थित विद्युत विभाग के विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया गया तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और तेज करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

इस बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, मुख्य अभियंता विद्युत अजय गौतम, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, बीडीओ रैत कमलजीत, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीर दियोलिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय ठाकुर, तहसीलदार धर्मशाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सुधेड़ के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


