हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को एक ही दिन में दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। पुंघ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग कारों से कुल 1 किलो 426 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर छह युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।

पहली कार्रवाई में पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम पुंघ फोरलेन पर नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक एप्लाइड फॉर कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से 914 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान बबलू निवासी गांव खिन्नी, डाकघर एवं तहसील औट, जिला मंडी और देवेंद्र कुमार निवासी गांव पनवी, डाकघर बरहन, तहसील सैंज, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल्लू की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार से 512 ग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान हरीश पुत्र तेज प्रकाश निवासी बरशोगी, जिला कुल्लू, रितेश ठाकुर पुत्र अमृत लाल निवासी धवाली, जिला मंडी, अखिल देतवालिया पुत्र कुलदीप सिंह निवासी नोहान, जिला हमीरपुर और विजय पुत्र मुंशी राम निवासी बकारद, जिला मंडी के रूप में हुई है।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस किससे खरीदी गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके तार किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


