हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौड़ा मैदान इलाके में स्थित एक मकान पर छापा मारकर एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से 991 ग्राम अफीम, 2,12,000 रुपये की नकदी और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किए हैं। बरामद नकदी को नशे के कारोबार से जुड़ी कमाई माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल की टीम इलाके में गश्त कर रही थी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चौड़ा मैदान स्थित एक मकान में नशे का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मकान को घेर लिया और नियमानुसार तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान पुलिस को मकान से 991 ग्राम अफीम और 2,12,000 रुपये की नकद राशि बरामद हुई। इसके अलावा दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिले, जिनका इस्तेमाल पुलिस के अनुसार अफीम को तौलकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करने और सप्लाई करने के लिए किया जाता था। पुलिस ने मौके से सभी सामान जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सुरिंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय धीरज सिंह निवासी चौड़ा मैदान, शिमला के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


