बिलासपुर, 10 जुलाई। मंडी-भराड़ी में लुधियाना निवासी सन्नी गिल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने सभी आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान मामले की गहराई से जांच करेगी और हमले की पूरी साजिश का खुलासा करने की कोशिश करेगी।

पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि हमले की योजना कैसे बनाई गई, इसके पीछे क्या वजह थी और इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे। इसके अलावा फरारी के दौरान इस्तेमाल किए गए नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी।
जानकारी के अनुसार सन्नी गिल वर्ष 2024 के गोलीकांड मामले में पेशी के लिए बिलासपुर आ रहा था। इसी दौरान मंडी-भराड़ी के पास उस पर लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि सौरभ पटियाल उर्फ फांदी और कुलभूषण उर्फ लक्की ने सीधे तौर पर हमला किया, जबकि सूर्या चंदेल, धीरज धर्माणी और अनिल ने वारदात को अंजाम देने और आरोपियों को फरार कराने में सहयोग किया। पुलिस ने घटना के करीब 28 घंटे के भीतर सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
जांच के दौरान एक और अहम तथ्य सामने आया है। पुलिस के मुताबिक भराड़ी से बंजार तक पहुंचने के लिए आरोपियों ने कुल आठ अलग-अलग वाहनों का इस्तेमाल किया। अब पुलिस इन सभी वाहनों के मालिकों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। इस दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे षड्यंत्र और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!