अगर आप भी अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाकेदार आवाज निकालने का शौक रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए न सिर्फ 10,000 रुपये का चालान किया, बल्कि बाइक से अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर भी हटवा दिया। इस कार्रवाई की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर ऊना जिले का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ युवक मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल चलाते हुए साइलेंसर से तेज धमाकेदार आवाजें निकालते नजर आ रहे थे। इन तेज आवाजों से न केवल ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था, बल्कि राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
वीडियो सामने आने के बाद जिला पुलिस ऊना ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित बुलेट मोटरसाइकिल का पता लगाया। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक का 10,000 रुपये का चालान किया गया और बाइक में लगाया गया अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही हटवा दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में अवैध रूप से बदलाव करना और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करना कानून का उल्लंघन है। इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और सार्वजनिक शांति तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि यातायात नियम लोगों की सुरक्षा और समाज में शांति बनाए रखने के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न करवाएं। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में भी सड़क पर स्टंट करने या ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!