शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून के बीच बंद हो रही सड़कों को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में बंद होने वाली सड़क को 24 घंटे के भीतर बहाल करने का हरसंभव प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि सेब सीजन शुरू होने वाला है, इसलिए सड़कें जल्द खुलना किसानों, बागवानों और आम लोगों की सुविधा के लिए बेहद जरूरी है।

बुधवार को प्रदेशभर में 60 सड़कें बंद होने की सूचना मिली। विभाग के अनुसार, इनमें से अधिकांश सड़कों को जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है। मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने मानसून सीजन के दौरान सड़कें समय पर खोलने के लिए पूरी तैयारी कर ली है और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सड़क को लंबे समय तक बंद नहीं रहने दिया जाए।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम उन्होंने विभाग के अधिकारियों के साथ करीब तीन घंटे तक ऑनलाइन बैठक की थी। बैठक में मानसून के दौरान सड़कों की स्थिति, मशीनरी की उपलब्धता और राहत कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सेब सहित अन्य फलों के परिवहन में किसी तरह की परेशानी न आए और किसानों-बागवानों को नुकसान से बचाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम तक प्रदेश में 104 सड़कें बंद थीं, लेकिन राहत कार्यों के बाद बुधवार सुबह तक यह संख्या घटकर 60 रह गई। सड़कों को जल्द बहाल करने के लिए राज्यभर में 15 हजार से अधिक कर्मचारियों के साथ विभिन्न प्रकार की 1600 मशीनें तैनात की गई हैं।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग, शिमला ने प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 जुलाई तक भी कई क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने भू-स्खलन, फ्लैश फ्लड, जलभराव और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!