चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के खजियार क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। डुगली गांव में कमरे में सो रहे एक युवक को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने बिना समय गंवाए युवक को उपचार के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान शक्ति प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात के समय अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया। कुछ देर बाद जब युवक की नींद खुली तो उसे सिर चकराने की शिकायत होने लगी। धीरे-धीरे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद युवक और उसके परिजनों को सांप के काटने का एहसास हुआ।

परिजनों ने तुरंत युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रेफरल के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि रास्ते में ऑक्सीजन की कोई कमी न हो।

मेडिकल कॉलेज चंबा के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. प्रदीप ने बताया कि युवक का प्राथमिक उपचार चंबा में किया गया और इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए टांडा भेजा गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल युवक की हालत में पहले से कुछ सुधार है और उसका उपचार जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!