Solan: शूलिनी मेले में बड़ा हादसा टला! बच्चों से भरा मिकी माउस झूला अचानक बैठा, कई बच्चे फंसे, मची अफरा-तफरी

सोलन, 29 जून 2026। सोलन के प्रसिद्ध शूलिनी मेले में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेले में लगाया गया हवा से फुलाया जाने वाला मिकी माउस झूला अचानक हवा निकलने के कारण बैठ गया, जिससे उस पर खेल रहे कई बच्चे उसके नीचे फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना शाम करीब 6:45 बजे हुई। उस समय झूले पर करीब 10 से 12 बच्चे खेल रहे थे। झूला अचानक बैठने से सभी बच्चे उसके भीतर फंस गए। मौके पर मौजूद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए झूले का हिस्सा हटाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

ऊना निवासी राहुल कुमार ने बताया कि उनका चार वर्षीय बेटा भी झूले पर मौजूद था। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक प्रदीप कुमार सहित अन्य लोगों की त्वरित कार्रवाई के कारण सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि घटना के समय झूला संचालक मौके से चला गया। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित जीपीएस लोकेशन, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के साथ पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई है। साथ ही झूला संचालक और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है।

Advertisement

शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि घटना के अगले दिन तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

घटना के बाद अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मेले में लगाए गए सभी झूलों की तकनीकी और सुरक्षा जांच करवाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

यदि पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी किया जाता है, तो उसे समाचार में शामिल किया जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!