धर्मशाला, 29 जून। धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित 17 पार्षदों ने सोमवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। मिनी सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ, जहां उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाई। हालांकि, इसके बाद होने वाली महापौर और उपमहापौर के चुनाव की प्रक्रिया आवश्यक कोरम पूरा न होने के कारण पूरी नहीं हो सकी।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपायुक्त हेमराज बैरवा ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि धर्मशाला नगर निगम के समग्र और संतुलित विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को नई गति देंगे।

शपथ लेने वाले पार्षदों में वार्ड-1 फरसेटगंज से रेखा देवी, वार्ड-2 भागसूनाग से शमशेर नेहरिया, वार्ड-3 मैकलोडगंज से आशा देवी, वार्ड-4 कश्मीर हाउस से नीनू शर्मा, वार्ड-5 खजांची मोहल्ला से शैलजा, वार्ड-6 कोतवाली बाजार से करिश्मा छेत्री, वार्ड-7 सचिवालय से आशु, वार्ड-8 खेल परिसर से प्रेरणा गुलेरिया, वार्ड-9 सकोह से नरेश कुमार, वार्ड-10 श्यामनगर से सुदेश शास्त्री, वार्ड-11 रामनगर से अनुराग, वार्ड-12 बड़ोल से मीना कुमारी, वार्ड-13 दाड़ी से हर्ष ओबरॉय, वार्ड-14 कंड से अनोज बिष्ट, वार्ड-15 खनियारा से परवीन कुमार, वार्ड-16 सिद्धपुर से अनुपम कटोच तथा वार्ड-17 सिद्धबाड़ी से विशाल जम्वाल शामिल रहे।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर और उपमहापौर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन आवश्यक कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव संपन्न नहीं हो सका। अब इस चुनाव के लिए नई तिथि तय की जाएगी।
समारोह में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल, संयुक्त आयुक्त सुरेंद्र कटोच, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!