कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर परवाणू बाईपास में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक काले रंग की कार का चालक पुलिस नाके और बैरिकेड्स को टक्कर मारकर फरार हो गया। भागने की कोशिश में चालक ने वहां खड़ी एक बाइक को भी टक्कर मार दी। गनीमत रही कि नाके पर ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और किसी को चोट नहीं आई। घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर घेराबंदी कर चालक को गाड़ी समेत पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, नशे की रोकथाम और संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए परवाणू पुलिस ने बाईपास पर विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक काले रंग की कार वहां पहुंची। पुलिसकर्मियों ने चालक को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी रोकने के बजाय भागने की कोशिश की। चालक ने अचानक कार तेजी से पीछे की ओर दौड़ाई, जिससे पीछे खड़ी एक बाइक उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद उसने कार आगे बढ़ाई और पुलिस के बैरिकेड्स को जोरदार टक्कर मारकर तोड़ दिया।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने भी कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नहीं रुका और वहां से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया चालक राजधानी शिमला का रहने वाला है।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल परवाणू पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


