Kangra: धर्मशाला में दर्दनाक हादसा: 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, युवक की मौत, युवती की बाजू काटनी पड़ी

धर्मशाला, 25 जून। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। जिले के नरघोटा क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतक की पहचान अक्षय कौरा (28) निवासी शिला चौक, धर्मशाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम अक्षय और एक युवती नरघोटा क्षेत्र में घूमने गए थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी।

Advertisement

हादसे के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक अक्षय की मौत हो चुकी थी, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली।

घायल युवती को पहले जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया। देर रात उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया। बताया जा रहा है कि सिर और बाजू में गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों को उसकी एक बाजू काटनी पड़ी। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Advertisement – HIM Live Tv

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क की हालत काफी खराब है और सुरक्षा बैरियर भी नहीं लगे हुए थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!