नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला देहरा को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए रक्कड़ थाना पुलिस ने पंजाब से हिमाचल की ओर आ रहे एक ट्रक से भारी मात्रा में चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद की है। पुलिस ने ट्रक सहित नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय देहरा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रक्कड़ थाना पुलिस की टीम बुधवार को कोलापुर के समीप गश्त और नियमित चैकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान पंजाब की ओर से आ रहे एक ट्रक (PB 11DF-7976) को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। पुलिस द्वारा ट्रक की गहन तलाशी लेने पर उसमें से 6 किलो 802 ग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को जब्त कर ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय सुखदेव सिंह पुत्र केहर सिंह निवासी गांव अटारी, जिला अमृतसर (पंजाब) तथा 36 वर्षीय हरप्रीत सिंह पुत्र हरचंद सिंह निवासी गांव ध्यानपुरा, डाकघर कुराली, तहसील खरड़, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है।
रक्कड़ पुलिस थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में चूरा-पोस्त कहां से लाई गई थी और हिमाचल में इसे किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मयंक चौधरी ने कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
एसपी ने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को अपने आसपास नशे की तस्करी या मादक पदार्थों से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!