कांगड़ा जिले के हरिपुर तहसील अंतर्गत ग्राम एवं डाकघर गुलेर की रहने वाली आयुषी धीमान ने नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है और परिजन, रिश्तेदार तथा स्थानीय लोग उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
आयुषी धीमान स्वर्गीय अनिल कुमार धीमान की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता, गुरुजनों और शिक्षकों के मार्गदर्शन, आशीर्वाद तथा निरंतर मेहनत को दिया है। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग और शिक्षा के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
परिवार के सदस्यों ने भावुक होते हुए कहा कि यदि आज स्वर्गीय अनिल कुमार धीमान उनके बीच होते तो अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर उन्हें सबसे अधिक गर्व होता। उन्होंने बताया कि आयुषी की सफलता उनके पिता के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।
आयुषी की उपलब्धि के बाद गुलेर और आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और प्रदेश का नाम आगे भी रोशन करेंगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!